Friday, September 20, 2024

Chhattisgarh Election Result 2023: आज होगा 1181 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के मतदान दो चरणों में 7 और 17 नवंबर को संपन्न हो चुके हैं। इसके मद्देनजर एग्जिट पोल के नतीजे भी आ चुके हैं। अब सभी की नजरें रविवार यानी आज आने वाले नतीजे पर टिकी हैं। मतगणना के लिए चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां कर ली हैं। इस दौरान प्रदेश में 90 विधानसभा सीटों के लिए 33 जिलों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इस दौरान आज 1181 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। आज जारी होने वाले नतीजों के मद्देनजर सुबह 8 बजे से मतगणना शुरु होने वाली है।

तैनात हैं 8 हजार कर्मचारी

इस दौरान स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था है। सबसे पहले सर्विस वोट की गिनती होनी है। इसके बाद पोस्टल बैलेट की गिनती होगी और सबसे अंत में ईवीएम में बंद वोटों को गिना जाएगा। राज्य में इस बार एक लाख से अधिक पोस्टल बैलेट हैं। निर्वाचन ड्यूटी कर्मचारियों के पोस्टल बैलेट, 80 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और अनिवार्य सेवा मतदाताओं के पोस्टल बैलेट शामिल हैं। प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से कवर्धा में सबसे अधिक 30 राउंड में मतगणना होनी है। इसके बाद कसडोल में 29 राउंड में मतगणना होगी। वहीं सबसे कम मनेंद्रगढ़ और भिलाई नगर में 12 राउंड में मतगणना होनी है। मतगणना के लिए आठ हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

महिलाएं रही आगे

बता दें कि राज्य में दोनों चरणों में मिलाकर कुल 1 करोड़ 55 लाख 61 हजार 460 मतदाताओं ने अपने मत अधिकार का निर्वहन किया। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान कराए गए थे जिसमें कुल 1 करोड़ 55 लाख 61 हजार 460 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 77 लाख 48 हजार 612 पुरुष मतदाता और 78 लाख 12 हजार 631 महिला मतदाता शामिल रहीं। राज्य में इस साल 76.31 फीसदी से वोट पड़े। यहां पहले चरण में 76.47 फीसदी और दूसरे चरण में 75 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े।

हॉट सीट पर खास नजर

छत्तीसगढ़ में इस बार भी मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। फिलहाल यहां कांग्रेस सत्ता में है और एग्जिट पोल के नतीजों का रुझान भी इसी तरफ बताया जा रहा है लेकिन बीजेपी भी इसमें ज्यादा पीछे नहीं है। अब आज आने वाले नतीजों से साफ हो जाएगा कि कांग्रेस दोबारा सरकार बना पाती है या नहीं। छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 20 और दूसरे चरण में 70 सीटों पर मतदान कराया गया। आज के नतीजों में छत्तीसगढ़ की राजनीति के दिग्गज नेताओं की किस्मत का भी फैसला होने वाला है। जिसमें पाटन, राजनांदगांव और अंबिकापुर हॉट सीट बताई जा रही हैं।

Ad Image
Latest news
Ad Image
Related news