Saturday, July 27, 2024

दुर्ग में हुआ दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित होकर खदान में गिरी बस, 12 की मौत, दर्जन से अधिक घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार की देर रात एक बस खदान में गिर गई। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के करीब मुरम (लाल मिट्टी) की एक खदान में बस के गिरने से वाहन में सवार 15 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कुम्हारी क्षेत्र में स्थित केडिया डिस्टिलरीज की बस कर्मचारियों को लेकर निकली थी और बस में लगभग 30 कर्मचारी सवार थे।

अनियंत्रित होकर गिरी बस

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना मंगलवार रात 8.30 बजे की है. जैसे ही बस खपरी गांव के करीब पहुंची तो अचानक चालक का नियंत्रण खो गया और बस अनियंत्रित होकर 40 फुट गहरे मुरम खदान में गिर गई। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया। वहीं दूसरी तरफ खदान से बस को निकालने की भी कोशिश जारी है।

मुख्यमंत्री साय ने व्यक्त किया शोक

घटना पर प्रदेश के सीएम विष्णु देव साय ने शोक व्यक्त किया और अपने x अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, ‘मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के इलाज का समुचित प्रबंध किया गया है।

पीएम मोदी ने जताया दुख

वहीं घटना पर पीएम मोदी ने x पर पोस्ट करते हुए लिखा- छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।

Latest news
Related news